घर में मौजूद दो बच्चों और बुजुर्ग को बचाया, 11 भेड़-बकरियां जिंदा जलीं
रविवार सुबह निहरी के जरल गांव हुई घटना, मकान के साथ बनी गोशाला भी जली
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर(मंंडी)। उपमंडल की दुर्गम ग्राम पंचायत जरल में रविवार सुबह दो मंजिला स्लेटनुमा मकान और साथ लगती गोशाला जलकर राख हो गए हैं। घटना के समय दो बच्चे और एक बुजुर्ग महिला अंदर थी, उन्हें समय रहते बाहर निकाल लिया गया है।
आग की घटना में प्रभावित परिवार को लाखों का नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार निहरी तहसील के जरल गांव में रविवार सुबह डाबर राम पुत्र आदम राम के पारिवारिक सदस्य खेतों में काम पर गए थे, इसी दौरान पीछे से उनके घर में अचानक से आग लग गई। आग लगने का जब स्थानीय ग्रामीणों को पता लगा तो उन्होंने तुरंत मौके पर पहुंचकर घर के अंदर मौजूद दो बच्चों और एक बुजुर्ग महिला को सुरक्षित बाहर निकाला, लेकिन निचली मंजिल में बंधी 11 भेड़-बकरियों जिंदा जल गईं।
ग्रामीणों और दमकल विभाग की टीम ने आग काबू पाने का भरपूर प्रयास किया, लेकिन जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक सब कुछ जलकर राख हो चुका था। आग की इस घटना में पीड़ित परिवार को लाखों का नुकसान हुआ बताया जा रहा है। आगजनी में घर के अंदर रखा सारा सामान जल गया है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जरल के एसएमसी प्रधान गोपाल शर्मा ने बताया प्रशासन और पुलिस को घटना बारे जानकारी दी गई है। सूचना मिलते ही दोनों टीम मौका पर नुकसान का आकलन में जुट गई है। उन्होंने बताया मकान में परिवार के करीब 10 सदस्य रहते थे। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया है कि प्रभावित परिवार को हर संभव मदद की जाए। इधर, उपमंडल अधिकारी (ना.) सुंदरनगर गिरीश समरा ने बताया आगजनी की घटना में प्रभावित को काफी नुकसान हुआ है। राजस्व विभाग की टीम मौके पर आगजनी से हुए नुकसान का आकलन कर रही है। आगजनी में करीब 15 लाख का नुकसान हुआ है। फौरी सहायता के रूप में प्रभावित परिवार को 15 हजार रुपये व 2 तिरपाल प्रदान किए गए हैं।