पंडोह में बच्चों द्वारा खोले गए पटाखे और उनसे निकाला बारूद। संवाद
पंडोह (मंडी)। पंडोह बाजार में ब्यास नदी किनारे बुधवार दोपहर को पटाखों के बारूद में आग लगने से दो प्रवासी बच्चे झुलस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग बचाव के लिए दौड़ पड़े। आग से झुलसे बच्चों को क्षेत्रीय अस्पताल मंडी में भर्ती करवाया गया है।
उत्तर प्रदेश के बहराइच निवासी अर्जुन पुत्र सरदार सिंह और झारखंड के साहिल पुत्र मुकेश ने पटाखों से बारूद निकाला। इस बारूद को एकत्रित किया और प्रयोग के रूप में इस पर आग लगा दी। अचानक आग तेज भड़क गई और दोनों बच्चे इसकी चपेट में आ गए। अर्जुन का चेहरा, बाजू और पैर बुरी तरह झुलस गए, जबकि साहिल का चेहरा आंशिक रूप से झुलसा हैं।
घटना के वक्ता तीसरा बच्चा भी मौके पर मौजूद था, लेकिन उसे सिर्फ बाल जलने की हल्की चोट आई और वह सुरक्षित है। बताया जा रहा है कि झुलसे बच्चों के परिजन पंडोह में दिहाड़ी मजदूरी कर गुजर-बसर कर रहे हैं।
पंडोह चौकी प्रभारी एएसआई अनिल कटोच ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने पटाखों के अवैध रूप से उपयोग को लेकर सतर्कता बरतने की अपील की है।
पंडोह में बच्चों द्वारा खोले गए पटाखे और उनसे निकाला बारूद। संवाद