पंडोह डैम के दो गेट सिल्ट आने से बंद
- फोटो : संवाद
पंडोह डैम के दो गेट सिल्ट भरने के कारण बंद हो गए हैं, जिससे बीबीएमबी प्रबंधन और अधिकारियों के हाथ-पैर फूल गए हैं। इस समस्या की गंभीरता को देखते हुए चंडीगढ़ से बीबीएमबी चेयरमैन मनोज त्रिपाठी पंडोह पहुंचे हैं। इसके साथ ही चंडीगढ़ से एक तकनीकी टीम ने भी मौके पर मोर्चा संभाल लिया है। पहली अगस्त को ब्यास नदी में आई बाढ़ के बाद पंडोह डैम में भारी मात्रा में सिल्ट जमा हो गई। यह सिल्ट गेट नंबर एक और दो में भर गई, जिसके कारण ये गेट जाम हो गए हैं। जलस्तर कम करने के बाद देखा गया कि दोनों गेट के सामने भारी मात्रा में सिल्ट जमा हुई है। इससे बग्गी नहर को पानी नहीं मिल रहा है और डैहर पावर हाउस में बिजली उत्पादन भी ठप हो गया है।
पंडोह डैम में कुल पांच गेट हैं, जिनमें से पहली अगस्त को जलस्तर बढ़ने के बाद तीन गेट खोले गए थे। बताया जा रहा है कि दो गेट पहले से बंद थे, जो अब सिल्ट भरने के कारण पूरी तरह से जाम हो गए हैं। फिलहाल, डैम में पीछे से पानी की कमी हो रही है और कुल्लू-मनाली क्षेत्र में भारी बारिश या बादल फटने की घटनाओं से समस्या और बढ़ सकती है। बीबीएमबी चेयरमैन मनोज त्रिपाठी ने बताया कि सिल्ट भरने से गेट बंद हुए हैं और इसे हटाने के लिए युद्धस्तर पर काम किया जा रहा है। सिल्ट निकालने के लिए आवश्यक मशीनरी की कमी के कारण किराये पर मशीनरी मंगवाई गई है।