कलंगार में खड्ड में गिरा ट्रक।
- फोटो : Mandi
करसोग (मंडी)। जाको राखे साइयां मार सके न कोय, यह कहावत उस वक्त चरितार्थ हुई जब करसोग के कलंगार में सड़क धंसने से ट्रक खड्ड में लुढ़क गया। लुढ़कते ही ट्रक चीड़ के पेड़ से टकराया और इसी दौरान चालक-चालक ने कूदकर जान बचाई।
इसके बाद ट्रक पलक झपकते ही खड्ड में समा गया। चीड़ के पेड़ ने दो बहुमूल्य जिंदगियां बचा ली। वीरवार सुबह पंजाब के मोहाली से प्लास्टिक की टंकियां लेकर आ रहा माजदा ट्रक करसोग मार्ग पर कलंगार के पास सड़क किनारे मिट्टी धंसने से खाई की तरफ लुढ़क गया।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। कलंगार के समीप पहाड़ी से सड़क पर पत्थर गिरे थे, ऐसे में पत्थर से बचने के लिए चालक ने गाड़ी को बाहर से निकालना चाहा, लेकिन कच्ची मिट्टी पर टायर धंसने से टेंपो लुढ़क गया।
पेड़ पर अटकते ही चालक और परिचालक ने छलांग लगाकर जान बचाई। इसी बीच लोग एकत्र हुए और वीडियो बना लिया। चीड़ का पेड़ भी उखड़ गया है। ट्रक में प्लास्टिक की 27 टंकियां और कुछ प्लास्टिक के पाइप थे। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। डीएसपी गीतांजलि ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है।