बालीचौकी (मंडी)। बालीचौकी में उपमंडल बनने पर भी लोगों को राजस्व रिकॉर्ड नहीं मिल रहा है। लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के लोगों को जमीन की मुसाबी और अन्य राजस्व रिकॉर्ड के लिए 100 से 150 किलोमीटर दूर गोहर जाना पड़ रहा है।
साल 2022 में उपमंडल बालीचौकी की अधिसूचना के बाद उपमंडल कार्यालय ने कार्य करना शुरू कर दिया था। तीन साल में भी अभी तक राजस्व रिकॉर्ड बालीचौकी उपमंडल में नहीं मिल रहा है। राम लाल, श्याम लाल, डोले राम आदि ग्रामीणों ने कहा कि राजस्व विभाग के मुसाबी और अन्य प्रकार के कार्य को लेकर अभी भी 100 से 150 किलोमीटर दूर गोहर जाना पड़ रहा है।
इससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हैरानी की बात है कि मामले को लेकर प्रशासन ने गंभीरता नहीं दिखाई है। जमीन की तकसीम, निशानदेही और अन्य दस्तावेजों के लिए जब गोहर जाते हैं तब कई बार उपमंडल कार्यालय गोहर में कर्मचारी न होने तथा अन्य तकनीकी कारणों से कार्य नहीं हो पाता है। इसके कारण लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ता है। मांग की है कि राजस्व रिकॉर्ड उपमंडल कार्यालय बालीचौकी में ही उपलब्ध करवाया जाए।
राजस्व रिकॉर्ड को बालीचौकी में उपलब्ध करवाने के लिए उच्च अधिकारियों से पत्राचार किया गया है। उच्च अधिकारियों से मिले दिशा निर्देश के बाद औपचारिकता पूरी कर ली गई है। जल्दी लोगों को बालीचौकी में ही राजस्व रिकॉर्ड उपलब्ध करवाया जाएगा।
-हुक्कम राम, कार्यवाहक तहसीलदार बालीचौकी