जिला कांग्रेस कमेटी के जनरल हाउस में लिया निर्णय
संगठन की मजबूती पर जोर, ब्लॉक अध्यक्षों को दिए सक्रियता के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। जिला कांग्रेस कमेटी मंडी की ओर से गांधी भवन में आयोजित जनरल हाउस में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में जिले भर के नव-नियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष चंपा ठाकुर ने की।
उन्होंने कहा कि पार्टी को मजबूत बनाने के लिए सभी ब्लॉक अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में तुरंत सक्रिय हों और सदस्यता अभियान को प्राथमिकता दें। अधिक से अधिक लोगों को कांग्रेस से जोड़ना वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने आगामी पंचायत चुनावों को लेकर रणनीति भी साझा की और कार्यकर्ताओं से अभी से तैयारी शुरू करने का आह्वान किया। बैठक में गांधी भवन के रखरखाव सहित विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। सभी प्रस्तावों पर विचार-विमर्श के बाद उन्हें सर्वसम्मति से पारित किया गया। सदन ने यह भी निर्णय लिया कि गांधी भवन का संचालन कर रही वर्तमान सोसायटी को भंग किया जाए और इसका संचालन सीधे कांग्रेस पार्टी अपने हाथ में ले। इसके अलावा बैठक में हर घर, एक हाथ के नारे के साथ सदस्यता अभियान शुरू करने का निर्णय लिया गया। इसके तहत सदस्यता शुल्क 20 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है, जिसमें 60 प्रतिशत हिस्सा ब्लॉक कमेटी और 40 प्रतिशत जिला कमेटी को जाएगा। नगर निकाय, पंचायत समिति और जिला परिषद के चुनावों में पार्टी चिह्न पर चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 5000 रुपये तय किया गया है। इसके लिए उम्मीदवारों को आवेदन पत्र शुल्क सहित जिला कांग्रेस कमेटी को सौंपना होगा, जिसके बाद कांग्रेस कमेटी तय करेगी कि कौन सा प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतरेगा। बैठक में कुल 10 प्रस्ताव पारित किए गए। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता कौल सिंह ठाकुर, पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी और सोहनलाल ठाकुर ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।