मंडी के जेल रोड में आज की घटना में जलकर राख सामान। संवाद
दमकल विभाग की सूझबूझ से जेलरोड में टला बड़ा हादसा
रविवार रात की घटना, करीब दो लाख का नुकसान, कारण स्पष्ट नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। शहर के जेलरोड स्थित एक तीन मंजिला भवन में रविवार आधी रात को अचानक आग भड़क गई। घर की खिड़की को तोड़कर पति-पत्नी और बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना में करीब दो लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई है जबकि दमकल विभाग की तत्परता से लगभग 25 लाख रुपये की संपत्ति को बचा लिया गया है। घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
रात करीब एक बजे देवा बंधु के मकान में आग लगने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग तेजी से फैलने लगी और भवन में धुएं के गुब्बार से सांस लेना भी मुश्किल हो गया। इसी बीच दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन दूसरी मंजिल तक पहुंचने में जवानों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। पास की दुकान के शटर का ताला काटकर टीम अंदर पहुंची और सीढ़ियों से उतरकर पीछे भवन तक पहुंची। चिकन कॉर्नर के संचालक मनोज कुमार ने बताया कि शटर के अंदर धुंआ ही धुंआ हो गया। गनीमत रही कि सिलिंडर ब्लास्ट नहीं हुआ। किराये के कमरे में रह रहे पति-पत्नी और उनकी बच्ची आग की लपटों में फंस गए थे। दमकल विभाग के जवानों ने खिड़की तोड़कर तीनों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान नीचे वाली मंजिल में रखे रसोई गैस सिलिंडर को भी समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा विस्फोट होने से बच गया। आसपास के घरों और दुकानों को भी आग से खतरा पैदा हो गया था।
करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। राहत कार्य में लीडिंग फायरमैन लेख राम, चालक संजय चौहान, प्रशामक महेंद्र सिंह और राकेश कुमार ने अहम भूमिका निभाई। फायर स्टेशन ऑफिसर कर्म चंद कश्यप ने बताया कि आग से करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है, जबकि समय रहते कार्रवाई कर बड़ी क्षति होने से बचा ली गई।