15 दिन के बाद मरीजों को मिलेगी राहत
रीजेंट की कमी से बंद पड़ी जांच सुविधा जल्द होगी बहाल
खबर का असर
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। क्षेत्रीय अस्पताल मंडी में पिछले करीब 15 दिनों से बंद थायराइड जांच सुविधा अब जल्द बहाल होगी। अस्पताल की सामान्य प्रयोगशाला में जांच के लिए आवश्यक रीजेंट (केमिकल) पहुंच गए हैं। मशीन की कैलिब्रेशन प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक-दो दिनों में थायराइड टेस्ट दोबारा शुरू कर दिए जाएंगे। इस समस्या को अमर उजाला ने संवाद न्यूज एजेंसी के माध्यम से प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
रीजेंट की कमी के कारण पिछले दो सप्ताह से थायराइड जांच बंद थी। इससे दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले मरीजों और गर्भवती महिलाओं को निजी लैब में 400 से 700 रुपये खर्च कर जांच करानी पड़ी, जबकि क्षेत्रीय अस्पताल और क्रस्ना लैब में यह सुविधा सामान्यतः निशुल्क उपलब्ध रहती है।
अस्पताल प्रबंधन ने रीजेंट की नई खेप मंगाने के बाद मशीन की सेटिंग और कैलिब्रेशन शुरू कर दिया है। प्रक्रिया पूरी होते ही जांच सुविधा सुचारु कर दी जाएगी।
डॉ. दिनेश ठाकुर मुख्य चिकित्सा अधिकारी मंडी ने बताया कि रीजेंट की आपूर्ति हो चुकी है। मशीन की सेटिंग और कैलिब्रेशन का कार्य जारी है। प्रक्रिया पूरी होते ही एक-दो दिनों में थायराइड टेस्ट फिर से शुरू कर दिए जाएंगे।
क्या है कैलिब्रेशन
नई रीजेंट किट मिलने पर एनालाइजर मशीन को उसके अनुरूप दोबारा सेट किया जाता है। इस प्रक्रिया को कैलिब्रेशन कहा जाता है, जिससे जांच के परिणाम सटीक और विश्वसनीय सुनिश्चित होते हैं।