अभी तक 1.69 करोड़ रुपये जारी, इस साल 60 लाख रुपये होंगे खर्च
विद्यालयों का आधारभूत ढांचा होगा सुदृढ़
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। मंडी जिले के द्रंग, सुंदरनगर और धर्मपुर विधानसभा क्षेत्रों में निर्माणाधीन तीन स्कूल भवनों पर कुल 6.09 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इनमें अब तक 1.69 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं, जबकि चालू शैक्षणिक सत्र में 60 लाख रुपये खर्च करने का प्रावधान किया गया है। शेष 4.40 करोड़ रुपये की आवश्यकता रहेगी। सबसे अधिक 40 लाख रुपये द्रंग विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तलेली के भवन निर्माण के लिए प्रस्तावित किए गए हैं। इस भवन की अनुमानित लागत 4.18 करोड़ रुपये है। अब तक 1.42 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं, जबकि 2.75 करोड़ रुपये की राशि अभी और आवश्यक है।
वहीं, सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दोघरी तथा धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कून के भवन निर्माण के लिए 10-10 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। दोघरी स्कूल भवन की अनुमानित लागत 1.13 करोड़ रुपये है, जबकि कून स्कूल भवन की लागत 77.56 लाख रुपये आंकी गई है।
बॉक्स
तीनों भवनों से मजबूत होगा शैक्षणिक ढांचा
तीनों निर्माणाधीन स्कूल भवनों की कुल अनुमानित लागत 6.09 करोड़ रुपये है। इनमें अब तक 1.69 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं, जबकि 4.40 करोड़ रुपये की राशि अभी और आवश्यक है। भवनों का निर्माण पूरा होने से विद्यालयों का आधारभूत ढांचा सुदृढ़ होगा और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकेंगी। -यशवीर धीमान, उच्च शिक्षा उपनिदेशक, जिला मंडी