मंडी। ग्राम पंचायत धार कोटमोर्स के मढ़धार गांव के लोग डायरिया की चपेट में आए हैं। उल्टी, दस्त, बुखार की शिकायत होने पर पांच लोगों को मंडी शहर के निजी और जोनल अस्पताल में भर्ती किया गया है।
दो लोगों को स्वास्थ्य में सुधार के बाद घर भेज दिया है। ग्रामीण मढ़धार नाले से हो रही पानी की आपूर्ति को डायरिया का कारण मान रहे हैं। मंगलवार को जल शक्ति विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने गांव पहुंच कर पानी के सैंपल भरे हैं। बीमार लोगों को दवाई और ओआरएस का घोल वितरित किया है। बीते साल भी मढ़धार गांव में डायरिया फैला था। जोनल अस्पताल में 14 वर्षीय बेटी अनुष्का को लेकर पहुंचे धनदेव ने बताया कि सोमवार सुबह उल्टी- दस्त की शिकायत पर बेटी को जोनल अस्पताल में भर्ती करवाया है। अब तबीयत में सुधार है।
शहर के निजी अस्पताल में उपचार लेकर घर लौटे 13 वर्षीय शौर्य और उसकी दादी 66 वर्षीय कमला देवी की तबीयत में अब सुधार है। मढ़धार निवासी सुशील कुमार ने बताया कि उनके अढाई वर्षीय बेटे अयांश को भी उल्टी-दस्त की शिकायत होने पर निजी अस्पताल में भर्ती करवाया है। तबीयत में सुधार होने पर छुट्टी दे दी गई। मढ़धार निवासी फूला देवी और 87 वर्षीय लक्ष्मी को भी निजी अस्पताल में भर्ती करवाया है। उनकी हालत में भी सुधार हुआ है।
...
गांव में 10 लोग डायरिया की चपेट में आए हैं। मंगलवार को जल शक्ति विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव पहुंची। पानी के सैंपल भरे हैं। घरों में उपचाराधीन मरीजों को दवाइयां और ओआरएस घोल वितरित किए हैं।
-धर्मपाल, पंचायत प्रधान धार कोटमोर्स
...
विभागीय टीम ने गांव पहुंच कर पेयजल स्रोतों से सैंपल भरे हैं। रिपोर्ट आने पर कारणों का पता चलेगा। सर्दी के मौसम में लोग खानपान में लापरवाही बरतने से भी बीमार हो सकते हैं। फिलहाल विभागीय कर्मचारियों को पूरे मामले पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
-राजकुमार सैणी, अधिशासी अभियंता जलशक्ति विभाग
.......
स्वास्थ्य विभाग की टीम डायरिया प्रभावित गांव में गई थी। मरीजों को दवाइयां और ओआरएस घोल दिया है। जोनल अस्पताल में अभी एकमात्र मामला आया है। गांव में लोगों की तबीयत में सुधार है।
-डॉ. नरेंद्र भारद्वाज, सीएमओ मंडी
000