लडभड़ोल (मंडी)। प्रसिद्ध संतान दात्री माता शारदा मंदिर सिमस जाने वाले श्रद्धालुओं को अब जाम से मुक्ति मिलेगी। गागल से सिमस तक लगभग पांच किलोमीटर सड़क का विस्तारीकरण कार्य शुरू हो गया है। यह कार्य प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-चरण तीन के तहत किया जा रहा है।
सड़क के उन्नयन पर लगभग 5 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। सड़क को चौड़ा किया जा रहा है। सड़क किनारे निकासी नाली, फुटपाथ सहित मेटलिंग और टारिंग का कार्य भी किया जाएगा। साथ ही सड़क पर आवागमन को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए जगह-जगह डंगे, पैरापिट, क्रैश बैरियर आदि लगाए जाएगा। सड़क पर अब वाहनों को पास देने में आ रही दिक्कतों से भी छुटकारा मिलेगा। आए दिन लगने वाले जाम से मुक्ति मिलने पर अब श्रद्धालु सीधे मां के दरबार में आसानी से पहुंच पाएंगे।
जोगिंद्रनगर उपमंडल की तहसील लडभड़ोल के गांव सिमस में मां शारदा (सिमसा) का मंदिर है। प्रतिवर्ष हजारों श्रद्धालु मां के दर्शनार्थ मंदिर परिसर में पहुंचते हैं। एसडीएम जोगिंद्रनगर मनीश चौधरी ने बताया कि गागल-सिमस संपर्क मार्ग के विस्तारीकरण का कार्य शुरू कर दिया गया है।
...
दान की जा रही भूमि
गागल-सिमस संपर्क सड़क के विस्तारीकरण कार्य में लगभग 70 फीसदी निजी भूमि आ रही है। लोग खुलकर निजी भूमि का दान कर रहे हैं। स्थानीय वासियों राकेश कुमार, अनिल कुमार, रमेश चंद, सुरेश कुमार, राजेश कुमार इत्यादि का कहना है कि प्रतिवर्ष बढ़ते श्रद्धालुओं के कारण ही स्थानीय लोगों को सीधे और परोक्ष तौर पर रोजगार के अवसर पर भी मिल रहे हैं।