सुंदरनगर (मंडी)। मणिकर्ण पुलिस ने रिमांड पर लिए गए तीन आरोपियों से पूछताछ के बाद सुंदरनगर शहर में हुई दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं कीगुत्थी सुलझने की उम्मीद जगी है। आरोपियों ने खुलासा किया है कि उन्होंने एक ही दिन में सुंदरनगर के दो विभिन्न इलाकों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
पहली चोरी भोजपुर क्षेत्र के घर में हुई, जहां से आरोपियों ने लाखों के आभूषण और लगभग 2,500 रुपये नकद चुरा लिए थे। इसके बाद आरोपियों ने बस अड्डा के पास एक अन्य घर में सेंधमारी की, लेकिन वहां उन्हें केवल कुछ छोटे गहने ही मिले। चोरी के बाद वे फरार हो गए थे। पकड़े गए आरोपियों की पहचान कुल्लू जिले के भुंतर के दलाशनी गांव निवासी मेहर सिंह उर्फ मेहरू, मंडी के भ्यूली बस्ती के विक्की बंगाली और सुहड़ा मोहल्ला के राहुल के रूप में हुई है।
मणिकर्ण पुलिस ने आरोपियों को दबोच लिया है और अब उन्हें सुंदरनगर पुलिस रिमांड पर लेकर अन्य चोरी की घटनाओं की भी जांच करेगी। हालांकि, धनोटू थाना क्षेत्र में हुई चोरियों में इनका कोई संबंध नहीं बताया जा रहा है। डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि आरोपियों को जल्द ही सुंदरनगर लाकर रिमांड पर लिया जाएगा। इस दौरान आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातों के बारे में भी पूछताछ की जाएगी। इसके साथ ही स्थानीय संलिप्तता की भी गहन जांच की जाएगी ताकि पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
कोटली में नहीं मिली आरोपियों की लोकेशन
मंडी। कोटली के कुटल गांव में सर्व शिक्षा अभियान में कार्यरत कनिष्ठ अभियंता गुलाब सिंह के घर हुई चोरी के मामले में पुलिस मणिकर्ण के आरोपियों से संबंध जोड़कर जांच कर रही है। हालांकि, फिलहाल आरोपियों की कोई ठोस लोकेशन पुलिस के हाथ नहीं लगी है। कोटली पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी संभावित एंगल्स पर छानबीन जारी है। चौकी प्रभारी ब्रिज भूषण ने कहा है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। संवाद