धर्मपुर (मंडी)। उपमंडल धर्मपुर के बहरी गांव में चोरों ने दीवार को तोड़ कर सुनार की दुकान में सेंध लगाई। चोर दुकान के काउंटर पर रखे सोने, चांदी के गहने के अलावा चार हजार की नकदी उड़ा कर ले गए लेकिन, दुकान की सेफ तोड़ने में नाकाम रहे। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक बहरी पंचायत के बहरी गांव में मंगलवार रात को चोरों ने ज्वैलर्स प्रकाश चंद की दुकान में सेंध लगाई। चोर दुकान की दीवार को तोड़ कर अंदर घुसे। दुकान के अंदर गहनों से भरी सेफ को तोड़ने की कोशिश की, लेकिन चोर इसमें कामयाब नहीं हो पाए। दुकान के काउंटर से चोर 15 ग्राम सोना, 200 ग्राम चांदी और करीब चार हजार रुपये की नकदी ले गए।
चोरी की वारदात का पता बुधवार सुबह लगा। जब दुकान मालिक प्रकाश चंद रोज की भांति सुबह 10 बजे दुकान पर पहुंचा। दुकान के शटर खोलने पर अंदर देखा तो सामान पूरी तरह से बिखरा पड़ा है तथा दीवार टूटी हुई थी। प्रकाश चंद ने इसकी सूचना तुरंत धर्मपुर पुलिस को दी। थाना प्रभारी जय लाल की अगुवाई में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर चोरी के मामले की छानबीन की। चोरी की वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। दुकान मालिक प्रकाश चंद ने बताया कि चोरों ने सेफ तोड़ने का प्रयास किया। कमरे के अंदर रखे सामान की भी तोड़-फोड़ की गई है। थाना प्रभारी जय लाल ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। चोरों की धड़पकड़ के लिए जगह-जगह नाके लगाकर छानबीन की जा रही है।