हजारों की संख्या में पर्यटक वाहन कुल्लू-मनाली की ओर रवाना हुए
कई स्थानों पर यात्री घंटों तक जाम में फंसे रहे, असुविधा का करना पड़ा सामना
संवाद न्यूज एजेंसी
पंडोह (मंडी)। कुल्लू-मनाली की ओर जाने वाले पर्यटक वाहनों की आवाजाही के चलते शनिवार को चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर पंडोह से झलोगी तक लंबा जाम लग गया। हजारों की संख्या में पर्यटक वाहन कुल्लू-मनाली की ओर रवाना हुए, जिससे कई स्थानों पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। पंडोह डैम से लेकर झलोगी तक वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
हनोगी और दवाड़ा टनल के आसपास स्थिति सबसे अधिक प्रभावित रही, जहां वाहन रेंग-रेंगकर आगे बढ़ते रहे। कई स्थानों पर यात्री घंटों तक जाम में फंसे रहे, जिससे उन्हें भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार ओवरटेकिंग और बड़े वाहनों की अधिक संख्या जाम का प्रमुख कारण रही। इसके अलावा जोगनी माता मंदिर के समीप सड़क का संकरा हिस्सा भी यातायात बाधित होने की बड़ी वजह बना। यहां थोड़ी सी रुकावट पर भी वाहनों की लंबी कतारें लगती रहीं।
यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग को दिनभर कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। सुबह से देर शाम तक पुलिसकर्मी विभिन्न स्थानों पर तैनात रहे और यातायात को नियंत्रित करते रहे।
एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि सप्ताहांत और पर्यटन सीजन के कारण वाहनों की संख्या में भारी वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि पंडोह से औट तक पुलिस बल तैनात किया गया है और यातायात को सुररु रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।