पटड़ीघाट (मंडी)। भांबला पंचायत के टिक्करी गांव का प्रतिनिधिमंडल जिला पार्षद मनीष शर्मा और पंचायत प्रधान सुनीता देवी की अगुवाई में एसडीएम सरकाघाट राहुल जैन से मिला। उन्होंने
19 वर्ष पहले बनी टिक्करी-टिक्कर सड़क को पक्का करने का आग्रह किया। गांववासियों ने बताया कि 2002-2003 में सड़क का निर्माण हुआ था। बरसात में सड़क पूरी तरह बंद हो जाती है। ग्रामवासी सड़क की मरम्मत खुद करते आए हैं। सड़क पक्की न होने के चलते गांववासियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस सड़क के निर्माण को लेकर यहां के लोग कई बार पहले भी एसडीएम और लोक निर्माण विभाग को मिल चुके हैं।
बार-बार आश्वासन के सिवा काम शुरू नहीं हो पाया। गांव के ही एक व्यक्ति हेम राज ने गिफ्ट डीड तो कर दी है लेकिन वह कहता है कि उसने इसे कोर्ट में चैलेंज कर दिया है जबकि खुद के घर का सामान वह उसी सड़क से ले जा रहा है। गांववासियों का कहना है कि उनके पास दूसरा विकल्प भी मौजूद है, लेकिन विभाग उस पर भी कोई कार्रवाई नहीं कर रहा।
उन्होंने एसडीएम सरकाघाट से आग्रह किया कि लोक निर्माण विभाग को इस सड़क का निर्माण शुरू करने के लिए आदेश जारी किए जाएं। पंचायत प्रधान सुनीता देवी ने कहा कि एसडीएम कार्यालय से आश्वासन मिला है कि सड़क निर्माण को लेकर जल्द ही लोकनिर्माण विभाग को आदेश दिए जाएंगे। इस मौके पर कृष्णी देवी, रोशन लाल संती देवी, नारायण सिंह, निर्मला देवी, लीला देवी, संतोष सिंह, ज्योति ठाकुर, सुमना देवी, विजय कुमार, सुनील कुमार, अनिल कुमार, सुरेश कुमार, कमला देवी, रणजीत सिंह, सपना देवी, शीला देवी और अन्य ग्रामवासी शामिल रहे।