मंडी। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सेरला खाबू में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के माध्यम से विद्यार्थियों को चुनावी साक्षरता के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर राजनीति शास्त्र के प्रवक्ता अनु कुमार ने विद्यार्थियों को मतदाता पंजीकरण, चुनाव प्रक्रिया तथा मतदान के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान ‘मेरा वोट, मेरा अधिकार’ थीम पर भाषण, निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। निबंध प्रतियोगिता में पूजा ने प्रथम तथा लक्ष्मीकांत ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में टीम-ए की हर्षा व सृष्टि ने प्रथम, टीम-बी की पूजा व भारती ने द्वितीय तथा बारहवीं कक्षा की हनी व जालपा ने तृतीय स्थान हासिल किया।
इन गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके मताधिकार, लोकतांत्रिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि एक जागरूक एवं जिम्मेदार मतदाता ही सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला होता है। इस प्रकार की गतिविधियां युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समझ विकसित करने के साथ-साथ भविष्य में उनकी सक्रिय एवं जिम्मेदार भागीदारी सुनिश्चित करने में सहायक सिद्ध होंगी।