लडभड़ोल (मंडी)। शिक्षा ही जीवन का आधार है। बिना शिक्षा व्यक्ति का जीवन अर्थ हीन और दिशाहीन हो जाता है। इसी शिक्षा को हासिल करने के लिए लडभड़ोल तहसील के भरैडा गांव के बच्चे जान को जोखिम में डाल रहे हैं। गूंगी, बहरी और आंखें मूद कर बैठे अधिकारियों को बरसात में उफनती खड्ड की मझधार को लांघते बच्चों की जान का जोखिम नहीं दिख रहा है।
लडभड़ोल तहसील में पिहड़-बेढलू पंचायत है। इसी पंचायत में भरैडा गांव आता है। इसमें करीब छह से सात परिवार रहते हैं। इन परिवारों के बच्चे बच्चे शिक्षा हासिल करने के लिए राजकीय प्राथमिक पाठशाला करसाल जाना पड़ता है। मगर स्कूल के रास्ते में बड़ी की आल खड्ड है। उस खड्ड पर कोई पुल नहीं बन पाया है। पिछले 40 वर्षों में लोग पुल बनाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
मजबूरन बच्चे को शिक्षा ग्रहण करने के लिए बरसात के मौसम में उफनती खड्ड पार करनी पड़ रही है। शनिवार को भी बच्चे उफनती खड्ड के तेज बहाव को पार कर स्कूल के लिए जाते हुए दिखे। इसका फोटो और वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
सुभाष, रामवीर सिंह, संतोष कुमार और विनय कुमार आदि ग्रामीणों ने बताया कि 40 वर्षों से गांव और स्कूल के मध्य बहने वाली खड्ड पर पुल बनाने की मांग कर रहे हैं। मगर अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई। बरसात के दिनों में हर साल खड्ड का जलस्तर बढ़ने के साथ बहाव भी तेज हो जाता है। ऐसे में बच्चों को पानी में उतरकर खड्ड पार कर स्कूल पहुंचने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि बरसात में खड्ड का जलस्तर बढ़ा होने के कारण हर समय हादसा होने का भी डर बना रहता है। मगर सरकार और जनप्रतिनिधियों की लोगों की यह समस्या नजर नहीं आ रही है। उन्होंने एक बार फिर मांग की है कि जल्द से जल्द खड्ड पर पुल का निर्माण किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
उधर, ग्राम पंचायत पिहड़-बेढलू की प्रधान रेणु देवी ने बताया कि खड्ड पर पुल के निर्माण को लेकर कई बार विधायक और लोक निर्माण विभाग से भी बात की गई है, लेकिन अभी तक कुछ नहीं हुआ। हाल ही में हुई जिला स्तरीय जन शिकायत निवारण समिति की बैठक में भी पुल की मांग को प्रमुखता से उठाया गया है।
वहीं, लोक निर्माण विभाग लडभड़ोल के सहायक अभियंता पवन गुलेरिया ने कहा कि भरैडा में पुल निर्माण के लिए प्राकलन तैयार किया जाएगा। इसके बाद स्वीकृति के लिए उच्च अधिकारियों को भेजा जाएगा। जैसे ही पुल को मंजूरी मिलेगा, निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
लडभड़ोल की तहसीलदार उर्मिला सुमन ने बताया कि पुल बनाने की मांग अगर ग्राम वासियों द्वारा तहसील कार्यालय में की जाएगी तो संबंधित विभाग से पत्राचार किया जाएगा।
भरैडा में जान जोखिम में डालकर खडड पार करती हुई छात्राएं। फोटो सोशल मीडिया