ऋषभ और कुलदीप के गीतों पर खूब थिरके बरच्छवाड़ के लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
सरकाघाट (मंडी)। सरकाघाट उपमंडल के बरच्छवाड़ में आयोजित सात दिवसीय नलवाड़ मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या यादगार रही। इस संध्या पर सुंदरनगर के युवा गायक ऋषभ भारद्वाज और नेरचौक के कुलदीप ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया। जैसे ही दोनों कलाकार मंच पर पहुंचे, पंडाल तालियों और सीटियों से गूंज उठा। कलाकारों ने हिंदी, पहाड़ी, पंजाबी और सूफी गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को पूरी तरह संगीतमय बना दिया। उनकी प्रस्तुतियों पर दर्शक झूमने और नाचने को मजबूर हो गए। स्थानीय कलाकारों ने भी अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन कर खूब सराहना बटोरी। इस अवसर पर एसडीएम सरकाघाट कृष्ण कुमार शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। ग्राम पंचायत बरच्छवाड़ की पूर्व प्रधान निशा कुमारी ने उन्हें शॉल, टोपी और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
स्टार कलाकार ऋषभ भारद्वाज ने ‘आंख से आंख मिलाओ’ गीत से अपनी प्रस्तुति की शुरुआत की और पूरे माहौल को संगीतमय बना दिया। इसके बाद उन्होंने ‘हाय मैं तो मर ही जावां’, ‘मेरे सपनों की रानी कब आएगी तू’, ‘ओ मेरे दिल के चैन’, ‘गुलाबी आंखें जो तेरी देखीं’, ‘कजरा मोहब्बत वाला’ ‘बापू जिम्मेदार’, ‘चिट्टे सूट ते दाग पै गया’, ‘टाइम टेबल’ और ‘जुगनी’ जैसे गीतों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
इससे पहले कुलदीप ने सूफियाना अंदाज में ‘दमादम मस्त कलंदर’ से कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने ‘छाप तिलक सब छीनी रे’, ‘हमें तुमसे प्यार कितना’, ‘आजकल तेरे मेरे प्यार के चर्चे’ जैसे गीतों से खूब धमाल मचाया।