बरसात से पहले नींव पूरी करने की उठाई मांग
2023 और 2025 में ब्यास नदी मचा चुकी है कहर, नींव बनने से सुरक्षित होगा बाजार
संवाद न्यूज एजेंसी
पंडोह (मंडी)। पंडोह बाजार में ब्यास नदी पर बन रहे नए लाल पुल के निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है। बरसात का मौसम शुरू होने में अब केवल करीब दो महीने का समय शेष है। ऐसे में यदि समय रहते पुल की नींव का कार्य पूरा नहीं हुआ तो ब्यास नदी का बढ़ता जलस्तर बाजार और आसपास के घरों के लिए खतरा बन सकता है।
वर्ष 2023 की आपदा के दौरान ब्यास नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से पुराना पुल बह गया था। उस समय पंडोह बाजार का निचला हिस्सा पानी में डूब गया था, जिससे स्थानीय लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। कई घरों की एक मंजिल तक पानी पहुंच गया था, जबकि लोगों का काफी सामान भी बह गया था।
अब उसी स्थान पर नया पुल बनाया जा रहा है, जिसे पहले की तुलना में करीब 3 मीटर अधिक ऊंचाई पर डबल लेन स्टील ब्रिज के रूप में तैयार किया जाएगा। इस पुल के निर्माण के लिए लगभग 18 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। हालांकि तकनीकी कारणों और ड्राइंग में बदलाव के चलते पुल की नींव का कार्य समय पर पूरा नहीं हो सका है।
स्थानीय निवासी गगन दीप, मनजीत और रोहित का कहना है कि बाजार की ओर बनने वाली नींव का कार्य बारिश से पहले हर हाल में पूरा होना चाहिए। उनका मानना है कि यदि यह कार्य समय रहते पूरा हो जाता है, तो न केवल पुल के पास बने घर सुरक्षित रहेंगे, बल्कि बाजार में पानी घुसने की आशंका भी काफी हद तक कम हो जाएगी।
इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दुष्यंत सिंह ने बताया कि ड्राइंग में बदलाव के कारण कार्य में देरी जरूर हुई है, लेकिन विभाग की कोशिश है कि बारिश से पहले नींव का काम पूरा कर लिया जाए।