सुंदरनगर (मंडी)। महज 100 से 500 रुपये में रात्रि ठहराव की व्यवस्था के लिए 27 साल पहले बनाए गए रैन बसेरा में आम और जरूरतमंद लोगों को सुविधा नहीं मिल रही है। तीन सालों से यह सुंदरनगर नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी का सरकारी आवास बना हुआ है। हालांकि अस्तित्व में आने के बाद कुछ समय के लिए इस रैन बसेरा को ठेकेदार के माध्यम से इस गेस्ट हाउस के रूप में भी संचालित किया गया।
इस रैन बसेरा भवन को कार्यकारी आवास के आवंटन से पहले की गई मरम्मत की शिकायत वार्ड नंबर चार के पार्षद शिव सिंह ने की थी। उनका कहना है कि तीन साल बीत जाने के बाद भी इस पर जांच नहीं हो पाई। रैन बसेरा उन लोगों के लिए किसी भी शहर में बनाया जाता है, जहां पर गरीब और जरूरतमंद महंगे होटलों में नहीं ठहर पाते हैं। सर्दी के समय ऐसे रैन बसेरे उन लोगों के लिए एकमात्र सहारा हैं, जो सर्दी में बाहर ही ठिठुरते हैं।
कार्यकारी अधिकारी का आवास सुंदरनगर के जवाहर पार्क के पास निर्माणाधीन है। इस भवन में फर्श के साथ बाहरी दीवारों पर प्लास्टर हो रहा है। अगले दो महीने में इसे पूरा कर लिया जाएगा। मुझे भी पूर्व कार्यकारी अधिकारियों की तरह रैन बसेरा में रहने की जगह दी गई है।
-ललित कुमार, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद सुंदरनगर