क्षेत्रीय अस्पताल के नए ओपीडी ब्लॉक का 80 फीसदी कार्य पूरा, रोजाना 500 से 600 मरीजों को मिलेगी बेहतर सुविधा
भीड़भाड़ से मिलेगी राहत, आधुनिक सुविधाओं के साथ मरीजों को मिलेगा बेहतर उपचार
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। क्षेत्रीय अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर चल रहे निर्माण कार्यों ने अब गति पकड़ ली है। अस्पताल परिसर में अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है, जबकि नए ओपीडी ब्लॉक का करीब 80 प्रतिशत कार्य भी पूर्ण हो गया है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से जिले के लोगों को आधुनिक और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
क्षेत्रीय अस्पताल में प्रतिदिन जिलेभर से औसतन 500 से 600 मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या के कारण मौजूदा भवन पर लगातार दबाव बढ़ रहा है। ऐसे में नए ओपीडी भवन को अस्पताल के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार नई ओपीडी शुरू होने के बाद विभिन्न विभागों की ओपीडी को नए भवन में स्थानांतरित किया जाएगा। इससे वर्तमान भवन में भीड़भाड़ कम होगी और मरीजों को अधिक व्यवस्थित ढंग से उपचार सेवाएं मिल सकेंगी। नए भवन में विशाल प्रतीक्षालय, चिकित्सकों के अलग-अलग कक्ष, बेहतर वेंटिलेशन और मरीजों के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था की जाएगी।
वहीं, गंभीर मरीजों के बेहतर उपचार के लिए तैयार किए जा रहे क्रिटिकल केयर ब्लॉक में आधुनिक मशीनें स्थापित की जानी बाकी हैं। अस्पताल प्रबंधन का मानना है कि नई सुविधाएं शुरू होने से मरीजों के साथ चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों को भी बेहतर वातावरण मिलेगा।
कोट
क्षेत्रीय अस्पताल में नए ओपीडी ब्लॉक का निर्माण तेजी से चल रहा है। इसका कार्य 80 प्रतिशत पूरा हो गया है। दूसरी तरफ क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण पूरा हो चुका है।
डॉ. संजय मनकोटिया, चिकित्सा अधीक्षक क्षेत्रीय अस्पताल ऊना