मंडी। जिला मंडी के सभी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं में प्रेरणा कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। शिक्षा विभाग की ओर से पांच फरवरी तक यह कार्यक्रम आयोजित करने के सभी प्रधानाचार्यों को निर्देश जारी किए हैं। प्रेरणा कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता तथा विकसित भारत के लिए दृष्टि विकसित करना है।
शिक्षा विभाग की ओर से प्रधानाचार्यों को अधिक से अधिक विद्यार्थियों का पंजीकरण प्रेरणा पोर्टल पर करवाने के निर्देश दिए हैं। विभाग की ओर से जारी मानक परिचालन नियमों (एसओपी) के तहत पांच फरवरी से पहले विद्यालय स्तर पर प्रेरणा उत्सव का आयोजन करने को कहा गया है। स्कूल स्तर पर चयनित दो सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थियों (1 लड़का और 1 लड़की) को प्राध्यापकों सहित जवाहर नवोदय विद्यालय पंडोह में भेजना होगा। 9 फरवरी को पंडोह में जिला स्तरीय प्रेरणा कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। प्रेरणा कार्यक्रम में कला (ड्राइंग), कविता और निबंध लेखन में विद्यार्थी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
....
सभी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं के प्रधानाचार्यों को प्रेरणा कार्यक्रम का आयोजन 5 फरवरी से पहले आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। 9 फरवरी को जवाहर नवोदय विद्यालय पंडोह में जिला स्तरीय प्रेरणा कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
-यशवीर धीमान, उच्च शिक्षा उपनिदेशक, जिला मंडी
000