धर्मशाला। रेस्टोरेंट, होटल और ढाबों में उपयोग होने वाले कमर्शियल गैस सिलिंडरों के दामों में बढ़ोतरी हो गई है। शुक्रवार से कमर्शियल सिलिंडर 112 रुपये महंगा हो गया है, जिससे कारोबारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। बढ़ोतरी के बाद अब उपभोक्ताओं को कमर्शियल सिलिंडर 1,708 रुपये के बजाय 1,819 रुपये व इससे अधिक में मिलेगा। इसमें कूली के दाम भी साथ ही रहेंगे। कीमतों में हुई इस वृद्धि का असर सीधे तौर पर होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों पर पड़ेगा।
खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग कांगड़ा के जिला नियंत्रक पुरुषोत्तम सिंह ने बताया कि जिले में कुल 37 एजेंसियां गैस सिलिंडरों की आपूर्ति कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कमर्शियल एलपीजी सिलिंडरों के दामों में बढ़ोतरी हुई है लेकिन घरेलू सिलिंडरों के दामों में कोई भी बदलाव नहीं है।
व्यावसायिक गैस सिलिंडर का दाम बढ़ने से महंगाई और बढ़ेगी। इसके साथ ही कुछ व्यापारी अपने उत्पादों के दामों में वृद्धि भी कर सकते हैं।
- रिक्की, मिठाई विक्रेता कोटला
व्यावसायिक सिलिंडर के मूल्य में भारी वृद्धि का असर छोटे व्यवसायियों पर पड़ेगा एवं उन्हें अपने घर का खर्चा चलाना मुश्किल हो जाएगा।
- अमन मेहरा, व्यवसायी, कोटला
कमर्शियल गैस सिलिंडर के दाम में 112 रुपये की बढ़ोतरी हुई हैं। अब धीरे-धीरे हर वस्तु के दामों में बढ़ोतरी होती जा रही हैं। इसका अतिरिक्त भार छोटे कारोबारियों पर देखने को मिलेगा।
-जितेंद्र सैनी, ढाबा संचालक
कमर्शियल गैस सिलिंडरों के दामों में बढ़ोतरी हुई है। हालांकि दामों में कुछ खास बदलाव नहीं हुआ है। बड़े कारोबारियों पर इसका ज्यादा असर नहीं पड़ेगा लेकिन छोटे कारोबारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
- ऋषव, रेस्टोरेंट संचालक
-