संधोल में जन आंदोलन 29 वें दिन में प्रवेश
संवाद न्यूज एजेंसी
संधोल (मंडी)। बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और विशेषज्ञ चिकित्सकों की मांग को लेकर युवा शक्ति और महिला शक्ति का जन आंदोलन रविवार को 29वें दिन भी जारी रहा। संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि सोमवार को स्थानीय विधायक संधोल पहुंचकर आंदोलनकारियों से मुलाकात करेंगे। आंदोलन के 29वें दिन धर्मा सोनी, मनोकामना, सलोचना देवी, शारदा देवी, पवना देवी, सुमन देवी, विद्या देवी, नीलम ठाकुर, नितिन चम्याल और सचिन चम्याल क्रमिक अनशन पर बैठे। धरना स्थल पर क्षेत्र के विभिन्न गांवों से लोग पहुंचे और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग को समर्थन दिया। महिलाओं और युवाओं की भागीदारी से आंदोलन को मजबूती मिल रही है।
युवाशक्ति अध्यक्ष अविनाश भनवाल ने बताया कि विधायक चंद्रशेखर से बातचीत हुई है। विधायक ने सोमवार को धरना स्थल पर आकर मांगों पर चर्चा करने का आश्वासन दिया है। बैठक में यदि विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति और अन्य मांगों पर ठोस आश्वासन मिलता है तो आंदोलन की आगे की रणनीति पर निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिक अस्पताल संधोल में मेडिसिन विशेषज्ञ, रेडियोलॉजिस्ट सहित आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं पूरी तरह उपलब्ध होने तक आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा। सोमवार की बैठक के बाद जनता और आंदोलनकारियों की सहमति से आगे का निर्णय लिया जाएगा।