13 नवंबर को मंडी में होगी एंटी चिट्टा जागरूकता वॉकाथॉन
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। चिट्टे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 13 नवंबर को मंडी के पड्डल मैदान में आयोजित होने वाली एंटी चिट्टा जागरूकता वॉकाथॉन की तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार को उपायुक्त अपूर्व देवगन ने पड्डल मैदान का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने बताया कि वॉकाथॉन में हजारों लोग भाग लेंगे। इस दौरान मैदान में जागरूकता स्टॉल लगाए जाएंगे और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों व बचाव का संदेश दिया जाएगा।
उन्होंने युवाओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में पूरे समाज की सामूहिक भागीदारी जरूरी है। उन्होंने आयोजन में सहयोग दे रही संस्थाओं और समाजसेवियों का आभार भी जताया। इस अवसर पर एसडीएम सदर चंद्र प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।