कोटली बाजार में बस ठहराव के पास पड़ा गहरा गड्ढा खतरे को न्योता देता हुआ। संवाद
- फोटो : सड़क हादसे में घायल मुन्ना।
6 माह से खुला पड़ा है गहरा गड्ढा, हादसों ने बढ़ाई राहगीरों की मुसीबत
गड्ढे में गटर का गंदा पानी जमा होने से आसपास फैल रही बदबू
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटली (मंडी)। कोटली शहर के पुराने बस स्टैंड के समीप निर्माण कार्य में लगी कंपनी की लापरवाही स्थानीय लोगों और राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। एनएच-003 पर कार्य कर रही कंपनी ने करीब छह महीने पहले शहर के बीचोबीच लगभग 15 फीट गहरा गड्ढा खोदा था, जिसे अब तक नहीं भरा गया है। यह गड्ढा किसी बड़े हादसे को न्योता देता नजर आ रहा है। स्थानीय दुकानदारों और निवासियों के अनुसार यह गड्ढा बस ठहराव के बिल्कुल पास है, जहां हर समय यात्रियों की भीड़ लगी रहती है। गड्ढे में गटर का गंदा पानी जमा होने से आसपास बदबू फैल रही है, जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय दुकानदार इंद्र सिंह का कहना है कि कंपनी खुदाई करके इसे बंद करना भूल गई है। गड्ढा इतना गहरा है कि इसमें गिरने से किसी की जान भी जा सकती है, जिससे लोगों में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। स्थानीय निवासी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पास ही सरकारी स्कूल है और बच्चे इसी रास्ते से गुजरते हैं। कंपनी के कर्मचारी जेसीबी लेकर आते हैं, गड्ढे को और गहरा करते हैं और फिर चले जाते हैं, लेकिन इसे भरने का कोई प्रयास नहीं किया जा रहा है। टैक्सी चालक कांशीराम ने बताया कि गड्ढे की सुध लेने वाला कोई नहीं है। अभी से बदबू के कारण हालत खराब है और गर्मियों में यहां खड़ा होना भी मुश्किल हो जाएगा। खतरे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब तक तीन लोग इस गड्ढे में गिरकर घायल हो चुके हैं। स्थानीय दुकानदार श्यामलाल ने बताया कि उनके सामने एक युवक, एक युवती और एक स्थानीय व्यक्ति इसमें गिरकर चोटिल हो चुके हैं। यदि इसे जल्द बंद नहीं किया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। कंपनी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर मनप्रीत बाजवा ने कहा कि गड्ढे को जल्द ही भर दिया जाएगा।
एसडीएम कोटली जगदीश चंद ने बताया कि इस संबंध में कंपनी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर से बात की गई है और उन्हें तुरंत काम पूरा कर गड्ढा भरने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।