देव श्री हुरंग नारायण, देव श्री पशाकोट के आगे नवाया शीश
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। राज्य स्तरीय जोगिंद्रनगर देवता मेले के सफल आयोजन और बारिश के खलल से बचने के लिए मंगलवार को मेला प्रशासन चौहारघाटी के आराध्य देवी-देवताओं के समक्ष शीश नवाने पहुंचा। बड़ा देव श्री हुरंग नारायण तथा पहाड़ी बजीर देव श्री पशाकोट की पूजा-अर्चना करने के बाद मेला प्रशासन की ओर से तहसीलदार लड़भड़ोल डॉ. मुकुल शर्मा चौहारघाटी की तरसवाण पंचायत के धरमेहड़ गांव पहुंचे।
उन्होंने श्री हुरंग नारायण तथा देव श्री पशाकोट को 1 से 5 अप्रैल तक आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय लघु शिवरात्रि मेला जोगिंद्रनगर में शामिल होने के लिए विधिवत निमंत्रण दिया। दोनों देवताओं के कारदारों ने तहसीलदार व उनके साथ उपस्थित अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों को बड़ा देव श्री हुरंग नारायण तथा देव श्री पशाकोट के आशीर्वाद स्वरुप चादर भेंट कर सम्मानित किया।
इसके उपरांत तहसीलदार ने गलू में देव श्री गलू गहरी व देव श्री माहुंनाग बनाड़ को भी मेला समिति की ओर से आमंत्रित कर पूजा अर्चना की। इस अवसर पर कानूनगो राज कुमार व प्रचार सहायक देव राज भी मौजूद रहे। मेले का शुभारंभ एक अप्रैल को बड़ा देव श्री हुरंग नारायण तथा देव श्री पशाकोट के नेतृत्व में निकलने वाली देवी-देवताओं की भव्य जलेब के साथ होता है। इस मेला में चौहार घाटी सहित अन्य क्षेत्रों से लगभग 115 से अधिक देवी-देवता अपना आशीर्वाद देने के लिए जोगिंद्रनगर पहुंचते हैं।