सुंदरनगर (मंडी)। जवाहरलाल नेहरू राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज (जेएनजीईसी), सुंदरनगर में विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य और व्यक्तित्व विकास को ध्यान में रखते हुए वीरवार को तनाव प्रबंधन पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। ब्रह्माकुमारीज के अंतरराष्ट्रीय प्रेरक वक्ता बीके भारत भूषण ने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच, मानसिक शांति और तनावपूर्ण परिस्थितियों का धैर्यपूर्वक सामना करने के उपाय बताए।
बीके भारत भूषण ने कहा कि तनावपूर्ण परिस्थितियों में सकारात्मक दृष्टिकोण बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को मन को शांत रखने और परिस्थितियों के प्रति संतुलित रवैया अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने अपने अनुभव भी विद्यार्थियों के साथ साझा किए। बीके भारत भूषण 50 वर्षों से अधिक समय से प्रेरक वक्ता के रूप में कार्य कर रहे हैं और 50 से अधिक देशों में व्याख्यान दे चुके हैं। कार्यक्रम में बीके रुचि और बीके दिव्या भी मौजूद रहीं। कॉलेज के निदेशक-सह-प्रधानाचार्य प्रो. राजीव खंडूजा ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उनका मानसिक और भावनात्मक रूप से सशक्त होना आवश्यक है। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. सचिन कुमार ने किया, जबकि मीडिया समन्वयक डॉ. अंकुश शर्मा ने कार्यक्रम की जानकारी साझा की।