मंडी। शहर के प्राचीन बाबा भूतनाथ मंदिर में मंगलवार शाम को स्वयंभू शिवलिंग का 1100 पुष्प कमलों से शृंगार किया। धार्मिक कार्यक्रम पूरे विधि विधान के साथ मंदिर के महंत बाबा देवानंद सरस्वती के सानिध्य में किया गया। कमल के फूल पंजाब, हरियाणा और दिल्ली से लाए गए। फूलों में सजे भगवान शंकर की प्रतिमा देखते ही बन रही थी।
भक्त इसे देखने के लिए आतुर रहे। इससे पहले ऐतिहासिक शिवा बावड़ी से लाए गए जल से बाबा का जलाभिषेक किया। मंदिर के महंत देवानंद सरस्वती की अगुवाई में दोपहर 12:00 बजे सैकड़ों श्रद्धालुओं ने शहर में कलश यात्रा निकाली। अपराह्न करीब 3:00 बजे मंदिर के महंत ने शिवलिंग का जलाभिषेक किया और ललिता सहस्त्र नाम पाठ किया। बाबा भूतनाथ मंदिर के महंत देवानंद सरस्वती ने बताया कि सावन मास को भगवान शिव का प्रिय मास माना गया है। इसमें पूजा अर्चना का विशेष महत्व रहता है। संवाद