संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सुंदरनगर में आयोजित तीन दिवसीय सुंदरनगर खंड स्तरीय छात्र खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न हो गई। प्रतियोगिता में 29 विद्यालयों के करीब 500 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
समापन समारोह में जिला मंडी के उपनिदेशक स्कूली शिक्षा यशवीर धीमान ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व पदक देकर सम्मानित किया।
खेल प्रतियोगिताओं के परिणामों में खो-खो में सुंदरनगर, जबकि कबड्डी और बैडमिंटन में एंजेल पब्लिक स्कूल विजेता रहा। कुश्ती में धवाल, वॉलीबाल में डैहर और योग में तलेली की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। सांस्कृतिक स्पर्धाओं में जडोल स्कूल ने एकल गान, शास्त्रीय संगीत और समूहगान में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
वाद्य संगीत में महावीर पब्लिक स्कूल ने बाजी मारी, जबकि भाषण प्रतियोगिता में डैहर स्कूल प्रथम स्थान पर रहा। प्रधानाचार्य लालमन चंदेल ने खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।
उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों और आयोजकों का आभार व्यक्त किया।