मंडी। वल्लभ राजकीय महाविद्यालय की अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) इकाई ने पुनर्मूल्यांकन का परिणाम समय पर घोषित नहीं करने पर धरना प्रदर्शन किया। छात्रों का कहना है कि परिणाम में देरी के कारण उनकी शैक्षिक गतिविधियों पर नकारात्मक असर पड़ रहा है।
इकाई अध्यक्ष अक्षय ठाकुर ने कहा कि परिणाम में देरी से उच्च शिक्षा में प्रवेश और परीक्षाओं की तैयारी में कठिनाई हो रही है, जिससे हजारों छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन की उदासीनता और लापरवाही पर सवाल उठाए। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राहुल चौहान ने कहा कि प्रशासन की लापरवाही के कारण उन्हें आंदोलन करना पड़ रहा है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने छात्रों की समस्याओं का समाधान नहीं किया तो वे विश्वविद्यालय के खिलाफ बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। इकाई मंत्री करण धामी ने विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यशैली को गैरजिम्मेदाराना बताया और चेतावनी दी कि अगर जल्द कोई कदम नहीं उठाया गया, तो आंदोलन को और भी व्यापक किया जाएगा।
एसपीयू स्टाफ के अभाव के बावजूद निश्चित समयावधि में परीक्षा और पुनर्मूल्यांकन का परिणाम घोषित कर रहा है। परीक्षा शाखा में करीब आठ सदस्य होने के बावजूद परीक्षाओं का आयोजन और परिणाम जारी किया जा रहा है। परीक्षा परिणाम के बाद पुनर्मूल्यांकन के लिए विभिन्न चरणों से गुजरना पड़ता है। सप्ताह भर में पुनर्मूल्यांकन का परिणाम जारी कर दिया जाएगा। 11 दिसंबर से सेमेस्टर की परीक्षाएं शुरू की जा रही है।
- इंजीनियर सुनील वर्मा, परीक्षा नियंत्रक, एसपीयू