प्रदेश के परिवहन एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री जीएस बाली का कहना है कि सुंदरनगर के राजकीय इंजीनियरिंग कालेज में हर प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए सरकार प्रयास कर रही है। यहां पर इंजीनियरिंग में पीएचडी आरंभ करवाने के लिए भी कार्य जारी है। नगरोटा बगवां में राजकीय इंजीनियरिंग कालेज में अगले सत्र से कक्षाएं शुरू हो जाएंगी।
शनिवार को सुंदरनगर में राजकीय जवाहर लाल नेहरू इंजीनियरिंग कॉलेज का वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर परिवहन एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री जीएस बाली ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने प्रशिक्षुओं से कहा कि अगर संस्थान में प्राध्यापक वर्ग की ओर से शिक्षा में किसी भी तरह की कोताही बरतने का मामला सामने आता है तो वह उन्हें फोन पर सूचित करें। फोन करने वाले प्रशिक्षु की जानकारी पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी।
इस मौके पर उन्होंने मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर की मांग पर रोहांड़ा से शिमला व जंजैहली से शिमला के लिए बस सेवा शुरू करने भी घोषणा की। इस मौके पर तकनीकी शिक्षा निदेशक राजेश्वर गोयल, संस्थान के प्राचार्य ललित कुमार, एसडीएम राजीव कुमार, डीएसपी कुलभूषण वर्मा भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जीएस बाली ने संस्थान के प्रतिभाशाली प्रशिक्षुओं को पुरस्कृत भी किया। उनसे पुरस्कार पाने वालों में पंकज चंदेल, भारती शर्मा, एकता राणा, नेहा, शुभम शर्मा, मनीषा सूद, संदीप कुमार, अनिल कुमार, मानवी शर्मा, अदिति गुप्ता, दीपक, काजोल सनोरिया, वंदना, रक्षा देवी, अंकेश सिंह और गौरव मिश्रा शामिल थे।