भरमौर (चंबा)। 134 दिन बाद यानी 14 अप्रैल को कार्तिक स्वामी मंदिर के कपाट खुलने पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ेगा। ऐसे में प्रशासन श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का समुचित प्रबंधन पहले से करे। इसके लिए विधायक डॉ. जनकराज ने अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर को पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि मंदिर परिसर एवं आसपास श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
भोजन की समुचित व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता, स्वास्थ्य सेवाएं, आवश्यकता अनुसार कंबल और अन्य आवश्यक सुविधाएं और मंदिर परिसर में विद्युत आपूर्ति सुचारु रखी जाए। आवश्यकता अनुसार जनरेटर आदि की वैकल्पिक व्यवस्था भी करवाई जाए। भरमौर से कुगति तक सड़क और पैदल मार्गों की मरम्मत एवं सुधार कार्य समय रहते पूर्ण किए जाएं। समस्त व्यवस्थाओं की निगरानी हेतु संबंधित अधिकारियों की मौके पर उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। इसके लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करें, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।