न्यू सुकेती ब्रिज पर स्ट्रीट लाइटें न जलने पर रात 8:00 बजे छाया अंधेरा।
मंडी। शहर में रात के अंधेरे में अगर आप कहीं जा रहे हैं तो टार्च साथ ले जाएं। न्यू सुकेती ब्रिज समेत कई जगह शाम होते ही नगर निगम की स्ट्रीट लाइटें शोपीस बन रही हैं।
ऐसे में बिना टार्च के लोग ठोकरें खाने को मजबूर हो रहे हैं। निगम कार्यालय से करीब आधा किलोमीटर दूर न्यू सुकेती ब्रिज, पंचवक्त्र मंदिर के पास छोटे ब्रिज समेत कई वार्डों में भी स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं। इससे शहरवासियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। उधर, नगर निगम के सहायक अभियंता एचसी जसवाल ने बताया कि सकोडी चौक के पास खराबी आने के कारण स्ट्रीट लाइटें नहीं जल रही हैं। इसके लिए संबंधित कर्मचारी को ठीक करने के निर्देश दे दिए हैं। संवाद
आमजन के लिए खुला पड्डल मैदान, खिलाड़ियों ने बहाया पसीना
मंडी। अग्निवीर भर्ती के समापन के बाद पड्डल मैदान के दरवाजे आमजन के लिए फिर से खुल गए हैं। ऐसे में शहरवासी अब फिर सुबह और शाम के समय मैदान में सैर कर सकेंगे। उधर, मैदान खुलने के बाद सोमवार को खिलाड़ियों ने जमकर मैदान में पसीना बहाया। नगर निगम के सफाई निरीक्षक सतीश गुलेरिया ने बताया कि मैदान की सफाई करवा दी गई है। उधर, खेल अधिकारी दीप्ति वैद्या ने बताया कि मैदान पर खिलाड़ी अब अभ्यास कर सकते हैं। संवाद