सुंदरनगर (मंडी)। संयुक्त क्षेत्रीय केंद्र (सीआरसी) सुंदरनगर में समग्र शिक्षा हिमाचल प्रदेश सरकार के सहयोग से 10 दिवसीय छठे बैच का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया। इसमें प्रदेशभर के 33 शिक्षकों, विशेष शिक्षकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के विशेष शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष मंजीत सिंह सैनी ने किया।
उन्होंने सीआरसी सुंदरनगर के कार्यों एवं दिव्यांगता पुनर्वास के क्षेत्र में किए जा रहे योगदान पर चर्चा की। भविष्य में समग्र शिक्षा तथा सीआरसी के बेहतर तालमेल की आवश्यकता पर बल दिया। संस्थान के संकेत भाषा द्विभाषिया सह-समन्वयक चंद्रकेतु शास्त्री ने भी विचार रखे। कार्यक्रम के समन्वयक सह संस्थान के विशेष शिक्षा के विभागाध्यक्ष मनजीत सिंह सैनी ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण कार्यक्रम के बारे में विस्तार से बताया। संस्थान के पुनर्वास अधिकारी डाॅ. प्रियदर्शी मिश्र ने संबंधित विषय पर व्याख्यान दिया। संवाद