दलदल में तब्दील कीचड़ में तब्दील भडयाल-मलवाना सड़क। स्रोत : जागरूक पाठक
बैहना (मंडी)। बल्ह विस क्षेत्र की भडयाल-मलवाना सड़क की दुर्दशा पर ग्रामीणों का आक्रोश मंगलवार को फूट पड़ा। लोगों ने दलदल बनी सड़क पर नंगे पांव खड़े होकर विरोध जताया। विधायक, प्रशासन तथा लोक निर्माण विभाग के खिलाफ जमकर रोष निकाला।
स्थानीय निवासी हरि सिंह सैनी, धर्म चंद, सुखराम, कमल शर्मा, सतीश कुमार, विक्की और रवि सिंह चंदेल ने कहा कि वर्ष 2023 की आपदा में सड़क का नामोनिशान मिट गया था। दो वर्ष बीत जाने के बाद भी सड़क की हालत नहीं सुधरी। इससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
हरि सिंह सैनी ने कहा कि पूरी सड़क पर कीचड़ फैला हुआ है जिससे राहगीरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। भडयाल दुग्ध डेयरी में तीन पंचायतों के करीब 400 पशुपालक सुबह दूध छोड़ने आते हैं। सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को भी खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है। प्राइमरी स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ती है। वे रोजाना बच्चों को पीठ पर उठाकर स्कूल पहुंचाते हैं तथा छुट्टी होने के बाद उन्हें स्कूल से घर ले जाते हैं।
पूर्व उप प्रधान रवि सिंह चंदेल ने कहा कि सड़क की दुर्दशा को लेकर कई बार विभागीय अधिकारियों को अवगत करवाया मगर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारी और विधायक भी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं जबकि वह कई बार भडयाल पंचायत का दौरा कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि अगर तीन-चार दिनों के अंदर सड़क की हालत न सुधारी गई तो लोग एसडीएम बल्ह, उपायुक्त कार्यालय मंडी व लोक निर्माण विभाग कार्यालय के बाहर धरना देंगे।
000