मंडी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने कहा कि सरदार पटेल विश्वविद्यालय से सौतेले व्यवहार और इसका दायरा कम करना प्रदेश सरकार द्वारा छात्र विरोधी फैसला है। एबीवीपी ने प्रदेश सरकार के फैसलों को छात्र विरोधी बताते हुए आंदोलन का एलान किया है।
शनिवार को मंडी में प्रेस वार्ता के दौरान विभाग संयोजक चिराग ठाकुर ने कहा कि सरदार पटेल विश्वविद्यालय (एसपीयू) से सौतेले व्यवहार और छात्र संघ चुनावों का लंबे समय से बंद रहना, छात्र राजनीति की हत्या है। चिराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार इस पर कोई संज्ञान नहीं ले रही है।
इसके अलावा, मंडी जिले के अधिकांश शिक्षण संस्थान मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं और कई कॉलेजों में प्राचार्य की तैनाती नहीं हो पाई है। इन मुद्दों को लेकर एबीवीपी एक सितंबर को पर्चा वितरण, तीन को इकाई स्तर पर धरना प्रदर्शन और मंडी कॉलेज प्राचार्य के माध्यम से शिक्षा मंत्री को ज्ञापन भेजेगी।
उन्होंने कहा कि पांच और छह सितंबर को हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। नौ-10 सितंबर को सांकेतिक भूख हड़ताल की जाएगी और 11-12 सितंबर को पोस्ट कार्ड के माध्यम से शिक्षा मंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा। 13 सितंबर को एवीबीपी शव यात्रा निकालेगी और 18 सितंबर को जिला स्तरीय धरना प्रदर्शन करेगी।