मंडी। गैंगरेप के आरोपियों को कोर्ट में पेशी के बाद सेरी मंच पर धूप में बैठाने और परिजनों की ओर से खाना परोसे जाने के मामले में ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को एसपी मंडी ने कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। नोटिस में गैंगरेप के आरोपियों को सेरी मंच पर ले जाने का कारण पूछा गया है।
तीन दिन के भीतर ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को इसका जवाब देना होगा। इसके बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। मामले की जांच एएसपी मंडी ने की है। बीते मंगलवार को सुंदरनगर के एक गैंगरेप के मामले के आरोपियों को पेशी के बाद सेरी मंच पर बैठा दिया गया।
सार्वजनिक स्थल पर परिजनों ने पुलिस की मौजूदगी में आरोपियों को पकवान परोसे। सूचना मिलते ही एसपी मंडी ने त्वरित जांच की और प्रारंभिक जांच में मामला सही पाया और जांच बैठा दी। उधर, एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने कारण बताओ नोटिस जारी करने की पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि नोटिस में गैंगरेप के आरोपियों को सेरी मंच पर ले जाने का कारण पूछा गया है। जवाब आने पर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।