करसोग (मंडी)। परिवार के साथ छुट्टी मनाने आए 36 साल के सैनिक की करसोग में पार्किंग के समीप लगे खंभे में बिजली का करंट आने से मौत हो गई है। हादसा सोमवार सुबह करीब साढ़े दस बजे का है। रास्ते में लगे खंभे में आए करंट से वह बुरी तरह से झुलस गया।
ग्रामीणों की मदद से सैनिक को अस्पताल लाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में पाया है कि करंट आने की शिकायत बिजली बोर्ड को की गई थी, लेकिन शिकायत के बावजूद सुध नहीं ली और बड़ा हादसा हो गया। मृतक की पहचान खूब राम पुत्र भद्रू राम ग्राम मताल पीओ कुटाहची उपतहसील पांगणा, तहसील करसोग के रूप में हुई है।
सैनिक खूबराम का करसोग में भी घर है। सोमवार सुबह वह अपने माता पिता को किसी कार्य से करसोग लेकर आए थे और पार्किंग के समीप पहुंचे तो खंभे में करंट लगने से वह गिरकर बेहोश हो गए। लोगों की मदद से सैनिक को अस्पताल लाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया है। मंगलवार को खूब राम को आर्मी ज्वाइन करनी थी। खूबराम अपने पीछे एक लड़का और एक लड़की छोड़ गया है।
हादसे से परिवार को बहुत बड़ा सदमा पहुंचा है। तहसीलदार करसोग राजेंद्र ठाकुर ने बताया कि मृतक के परिवार को फौरी तौर पर 15 हजार की राहत जारी कर दी है। उधर, एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि बिजली बोर्ड पर लापरवाही का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
000