मंडी। मोबाइल और लैपटॉप का लगातार बढ़ता इस्तेमाल अब आंखों की सेहत पर असर डाल रहा है। क्षेत्रीय अस्पताल मंडी की नेत्र रोग ओपीडी में रोजाना 15 से 20 मरीज आंखों में शुष्कपन (ड्राई आई), जलन, खुजली, लालिमा, धुंधला दिखने और सिरदर्द जैसी शिकायतों के साथ उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों के अनुसार बच्चों से लेकर युवा और बुजुर्ग तक इस समस्या की चपेट में हैं। इसकी प्रमुख वजह लंबे समय तक बिना पलक झपकाए स्क्रीन पर नजर टिकाए रखना है।
नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सुनील ने बताया कि सामान्य व्यक्ति एक मिनट में 12 से 15 बार पलकें झपकाता है लेकिन मोबाइल या लैपटॉप का लगातार उपयोग करने पर यह संख्या घटकर चार से पांच रह जाती है। इससे आंखों की सतह पर मौजूद आंसुओं की परत जल्दी सूख जाती है और ड्राई आई सिंड्रोम की समस्या पैदा होने लगती है। इसके कारण आंखों में चुभन, जलन, लालिमा और भारीपन महसूस होता है।
उन्होंने बताया कि छोटे बच्चों में भी यह समस्या तेजी से बढ़ रही है। लंबे समय तक मोबाइल पर कार्टून या वीडियो देखने से आंखों पर दबाव बढ़ता है, जिससे सिरदर्द और धुंधला दिखने जैसी दिक्कतें हो सकती हैं। लेखराज राणा निवासी सरकाघाट ने बताया कि उम्र संबंधी जांच के लिए अस्पताल आया था। चिकित्सक ने दवा देने के साथ मोबाइल का सीमित इस्तेमाल करने की सलाह दी। वहीं, मंडी निवासी रूकमणी ने बताया कि पोती की आंखों में दर्द होने पर अस्पताल लाई। जांच में आंखों में सूखापन मिला और चिकित्सक ने मोबाइल का कम इस्तेमाल तथा आंखों को पर्याप्त आराम देने की सलाह दी। संवाद