पेवर ब्लॉक बिछाने के लिए प्रशासन ने जारी किए आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
सरकाघाट (मंडी)। सरकाघाट बाजार से गुजरने वाले वाहन चालकों को 29 अगस्त तक नियंत्रित यातायात व्यवस्था का सामना करना पड़ेगा। बाजार में सीसी पेवर ब्लॉक बिछाने के कार्य के चलते सड़क की एक लेन अस्थायी रूप से बंद रहेगी। इस दौरान दूसरी लेन से पुलिस की निगरानी में वाहनों की आवाजाही नियंत्रित और विनियमित की जाएगी।
सरकाघाट के उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) राजेंद्र कुमार गौतम ने लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़क) मंडल, सरकाघाट के अनुरोध पर इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। आदेशों के अनुसार जोगिंद्रनगर-सरकाघाट-घुमारवीं मार्ग पर सरकाघाट बाजार क्षेत्र में 7 से 29 अगस्त तक निर्माण चलेगा। कार्य के सुरक्षित और समयबद्ध निष्पादन के लिए एक लेन बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
एसडीएम ने लोक निर्माण विभाग को निर्माण स्थल और आवश्यक डायवर्जन स्थलों पर स्पष्ट सूचना एवं चेतावनी बोर्ड लगाने, निर्धारित अवधि में कार्य पूरा करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विभाग की ओर से एक वाहन और संपर्क मोबाइल नंबर उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने वाहन चालकों और आम लोगों से निर्माण के दौरान प्रशासन और पुलिस की ओर से जारी यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करने और सावधानी बरतने की अपील की है।