जंजैहली बाजार में दुकान में भड़की आग। स्त्रोत- जागरूक पाठक्
थुनाग (मंडी)। जंजैहली बाजार में पंजाब नेशनल बैंक की शाखा के निकट मुंशी राम की लोहे के औजार बनाने वाली दुकान में शुक्रवार दोपहर बाद भीषण आग लग गई। अग्निकांड में दुकान का सारा सामान जलकर राख हो गया, जिससे पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
आग की चपेट में कोई व्यक्ति नहीं आया और किसी की जान नहीं गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए पास में स्थित राशन डिपो और बागवानी विभाग के कार्यालय तक आग को फैलने से रोक दिया। व्यापार मंडल जंजैहली के अध्यक्ष वीरेंद्र ठाकुर ने अग्निकांड पर दुख व्यक्त किया है और प्रशासन से प्रभावित परिवार की उचित मदद करने की मांग की है।
उधर, एसडीएम थुनाग रमेश कुमार ने बताया कि आग में दुकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। प्रशासन की ओर से प्रभावित व्यक्ति को तत्काल राहत के रूप में 5,000 रुपये की सहायता राशि प्रदान कर दी गई है। साथ ही, पटवारी को निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। आग लगने के सटीक कारणों की अभी जांच की जा रही है। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
0000