जोगिंद्रनगर से देहरा बेटी का शव ले जाते पिता विनोद शर्मा।
- फोटो : Mandi
जोगिंद्रनगर (मंडी)। अब बेटी को दुल्हन बनाकर विदा करने की सोच रहे थे। मौत होने से दुखों का पहाड़ वे कैसे सहेंगे। सोमवार को जोगिंद्रनगर पहुंचे पिता विनोद बेटी का शव देख कर फूट-फूट कर रो पड़े। इस दौरान हर किसी की आंख नम हो गई। बहन नेहा शर्मा भी बेसुध हो गई। ताया प्रमोद भी मौत पर दुखी और स्तब्ध थे।
कांगड़ा के देहरा निवासी ज्योति (25) का शव जोगिंद्रनगर के मकडैना में किराये के कमरे में संदिग्ध हालात में मिला। बताया जा रहा है कि मौत करंट लगने से हुई है। ज्योति हिमाचल ग्रामीण बैंक की कर्मचारी थी।
सोमवार को परिजन बेटी का शव लेने पहुंचे थे। पिता विनोद ने बताया कि जब ज्योति ने अपने पैरों पर खड़े होकर आजीविका कमाना शुरू कर दिया तो परिवार में खुशी का ठिकाना नहीं रहा। बेटी को डोली में बिठाकर विदा करने का सपना देखा था, लेकिन अचानक उसकी मौत की खबर आ गई।
माता मधु शर्मा बेटी की मौत से स्तब्ध हैं। सोमवार को दोपहर बाद देहरा में ही ज्योति का अंतिम संस्कार कर दिया गया। काफी संख्या में लोगों ने नम आंखों से विदाई दी। जोगिंद्रनगर थाना प्रभारी प्रीतम जरियाल ने बताया कि ज्योति के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
....
दो माह पहले संभाला था कार्यभार
जोगिंद्रनगर में हिमाचल ग्रामीण बैंक में बतौर लिपिक के पद पर दो माह पहले ही ज्योति ने कार्यभार संभाला था। शांत स्वभाव की ज्योति की कार्यप्रणाली से न केवल बैंक प्रबंधन बल्कि उपभोक्ता भी सराहना करते थे। मौत से शाखा प्रबंधक और पूरा स्टाफ शोक में है। बैक प्रबंधक कपिल सूद ने बताया कि ज्योति अपने कार्य पर पूरी निपुण थी।
....
एक सप्ताह पहले आई थी घर
शहर के नजदीकी गांव मकडै़ना में किराये के कमरे में रह रही बैंक कर्मचारी ज्योति एक सप्ताह पहले ही अपने घर गई थी। दीपावली और उससे पूर्व मनाए जाने वाले त्योहारों को परिवार के साथ मनाने की तैयारियां कर रही थीं। अचानक करंट की चपेट में आ जाने से दर्दनाक मौत ने परिवार को गहरे जख्म दिए हैं।
000