सुंदरनगर के जवाहर पार्क में हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड कर्मचारी यूनियन के अधिवेशन में संबोधित करते मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर के सीनियर सेकेंडरी ब्वॉयज स्कूल में साइंस लैब बनाने, स्कूल के ऐतिहासिक भवन के संरक्षण के लिए आठ लाख रुपये और हॉकी छात्रावास के भवन के मरम्मत के लिए तीन लाख रुपये मंजूर करने की मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की घोषणा से यहां पर खुशी की लहर दौड़ गई है। रविवार को मुख्यमंत्री के सुंदरनगर दौरे के दौरान राजीव गांधी डिजिटल योजना के शुभारंभ पर सीसे स्कूल बाल में मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर ने यह मांग जोरदार तरीके से उठाई। जिसे मुख्यमंत्री ने मंजूरी देकर यहां पर पढ़ रहे सैकड़ों विज्ञान संकाय के बच्चों को तोहफा दिया है। सीसे स्कूल बाल का भवन करीब एक सौ साल पहले बना है। रियासतकालीन शैली के बने इस स्कूल भवन की हालत वक्त के थपेड़ों से खस्ताहाल हो चली थी।
मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल में सुंदरनगर शिक्षा का हब बना है। यहां पर उच्च शिक्षा के लिए खोले गये संस्थान प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की ही देन है। वर्तमान सरकार के शासनकाल में सुंदरनगर में 30 स्कूल अपग्रेड किए गए। निहरी में डिग्री कॉलेज मंजूर कर सरकार ने यहां के दुर्गम क्षेत्र के बच्चों को घरद्वार पर शिक्षा प्राप्त करना सहज कर दिया है। सुंदरनगर के एमएलएसएम कॉलेज को पूर्व सरकार ने अनुदान में 95 प्रतिशत से कटौती कर 50 प्रतिशत कर दिया था। जिसे दोबारा 95 प्रतिशत अनुदान वर्तमान सरकार ने बहाल कर दिया है।
इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत शर्मा, महासचिव चुनी लाल अवस्थी, उपाध्यक्ष शंकर सिंह, पूर्व जिला परिषद सदस्य संत राम, नगर परिषद अध्यक्ष पूनम शर्मा, पार्षद अरुणा, नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष एवं पार्षद नरेश सेन, यशपाल चंदेल, पूर्व पार्षद गोपाल कपूर, तुलेंद्र बिट्टा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।