सरोआ को मिला पीएचसी बाड़ा पंचायत में
खुलेगा कृषि प्रसार अधिकारी का कार्यालय
मुख्यमंत्री ने सराज की जनता को दी करोड़ों की सौगात, कई विकास योजनाओं के उद्घाटन किए
सरोआ को विद्युत बोर्ड के जेई अनुभाग के साथ वन विश्राम गृह भी मिला
संवाद न्यूज एजेंसी
गोहर (मंडी) । मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शनिवार को अपने गृह विस क्षेत्र सिराज में जनता को करोड़ों की सौगात दी। सीएम ने ग्राम पंचायत सरोआ में पीएचसी खोलने की घोषणा की। इसके अलावा सरोआ में विद्युत बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता अनुभाग कार्यालय, वन विभाग का वन विश्राम गृह और बाड़ा पंचायत में कृषि प्रसार अधिकारी कार्यालय खोलने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने शनिवार को सराज विस क्षेत्र की सरोआ, बाड़ा, थरजून और घरोट पंचायतों में विभिन्न विकास परियोजनाओं के उद्घाटन किए। सीएम ने ग्राम पंचायत सरोआ में उठाऊ पेयजल योजना लटोगली और उठाऊ पेयजल योजना सांबला का उद्घाटन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने बाड़ा में लोगों की समस्याएं सुनी। थरजून पंचायत के केलोधार में मुख्यमंत्री जयराम ने जनसमस्याएं सुनी। इसके बाद सीएम ने धरोट में वन विभाग के विश्राम गृह का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने उठाऊ पेयजल योजना बस्सी धरोट एफआईएस चंदरोटधार से धरोट का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने एससीएसपी प्रोजेक्ट के तहत 24 सेरीकल्चर फार्मर को सिल्क वार्म कीट भी प्रदान की। मुख्यमंत्री ने जमा दो स्कूल ड्डडोह के अतिरिक्त भवन का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने सरोआ में उपस्थित महिला मंडलों को अपनी ऐच्छिक निधि से 11000-11000 रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कंडी पंचायत में संपर्क सड़क की मुरम्मत के लिए पांच लाख और सरोआ पंचाचत में दो सड़कों की मुरम्मत के लिए दो-दो लाख रुपये की भी घोषणा की। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाथली में विज्ञान की कक्षाएं आरम्भ करने की घोषणा की। बाड़ा में कृषि प्रसार केंद्र, पंचायत भवनों के निर्माण के लिए इस क्षेत्र की तीन पंचायतों को 10-10 लाख रुपये, सम्पर्क सड़कों के निर्माण के लिए तीन पंचायतों को 10-10 लाख रुपये, बाड़ा में प्राथमिक पाठशाला में तीन अतिरिक्त कमरों व परीक्षा भवन के निर्माण के लिए तीन लाख रुपये की घोषणा की। क्योलीधार में लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार उन क्षेत्रों के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है जो किन्हीं कारणों से आज तक उपेक्षित रहे। उन्होंने क्षेत्र में सम्पर्क सड़क के निर्माण के लिए 10 लाख रुपये, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला क्योलीधार में कला मंच के निर्माण के लिए पांच लाख रुपये और इस विद्यालय में कॉमर्स की कक्षाएं आरम्भ करने की घोषणा की। उन्होंने क्योलीधार में फोरेस्ट गार्ड हट की घोषणा की।
कोविड काल में भी विकास के लिए प्रतिबद्ध : जयराम
सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार हर तरह से कोविड काल में विकास को गति देने के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि सिराज की हर पंचायत का विकास करवाना, उनकी प्राथमिकता है। कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष पाल वर्मा, डीसी मंडी अरिंदम चौधरी, एसपी शालिनी अग्निहोत्री, एसडीएम रमन शर्मा, डीएफओ नाचन टीआर धीमान, भाजपा नेता टिकम ठाकुर, पीतांबर ठाकुर, रजनी ठाकुर, देवेंद्र शर्मा समेत अनेक लोगों ने भाग लिया। संवाद
मुख्यमंत्री ने पांच करोड़ के शिलान्यास और शुभारंभ किए