फास्ट फूड रेस्तरां में गंदगी मिलने पर किया चालान
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। त्योहारी सीजन के बीच खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम जिले के अलग-अलग भागों में नियमित निरीक्षण कर रही है। इसी कड़ी में वीरवार को सरकाघाट क्षेत्र में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने खाद्य पदार्थों के चार सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। इनमें पनीर के दो, फ्रूट वाइन का एक और रसगुल्ले का एक सैंपल शामिल है। लैब जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान टीम ने फास्ट फूड रेस्तरां का भी निरीक्षण किया। यहां अस्वच्छता पाए जाने पर विभाग ने चालान किया। खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की ओर से खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
उधर, विभागीय सहायक आयुक्त एलडी ठाकुर ने बताया कि त्योहारी सीजन के बीच बाहर से आ रही सप्लाई पर भी नजर रखी जा रही है। रोजाना अलग-अलग क्षेत्रों का निरीक्षण किया जा रहा है। कहा कि अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि किसी भी तरह की शंका होने पर विभाग को शिकायत दें, त्वरित कार्रवाई अमल पर लाई जाएगी।