थुनाग (मंडी)। थुनाग के देजी गांव के लिए सड़क बहाली का कार्य आरंभ कर दिया गया है। अति विषम परिस्थितियों में शनिवार को लोक निर्माण विभाग ने उफनती खड्डों में उतरकर सड़क बहाली का कार्य किया। चैल-जंजैहली-तुंगाधार संपर्क सड़क की बहाली का कार्य भी जारी है। आपदा से प्रभावित क्षेत्रों में मलबा इत्यादि हटाने का कार्य भी तीव्र गति से किया जा रहा है।
शनिवार को लोक निर्माण विभाग के माध्यम से थुनाग बाजार में मलबा हटाने का कार्य किया गया। इसके अतिरिक्त लंबाथाच डिग्री कॉलेज में आए मलबे को हटाने का कार्य भी किया जा रहा है। सराज क्षेत्र में खड्डों का निकर्षण (ड्रेजिंग) कार्य भी जारी है। आपदा में बह चुके एवं क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मरों की मरम्मत इत्यादि का कार्य विद्युत बोर्ड के माध्यम से किया जा रहा है।
थुनाग के देजी में 25 केवीए बरकवाली का कार्य भी आरंभ कर दिया गया है। शनिवार को कांढा तथा बेकर क्षेत्र में विद्युत कर्मी बहाली कार्य में जुटे रहे। थुनाग बाजार में बिजली के ट्रांसफार्मर की बहाली का कार्य भी किया गया। जंजैहली क्षेत्र के भलवाड़ में भी बहाली कार्य जारी रहा।
उपायुक्त अपूर्व देवगन ने कहा कि मंडी जिले में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित हर परिवार, हर व्यक्ति तक मदद पहुंचाने के संकल्प के साथ जिला प्रशासन सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य कर रहा है।
सराज के 85 संपर्क मार्ग अभी भी बंद
भारी बारिश के बाद सराज के 85 संपर्क मार्ग अभी भी बंद हैं। इस आपदा से सड़कों को भारी नुकसान हुआ है। राहत कार्यों के लिए मशीनरी तैनात की गई है जिसमें 13 एलएनटी, 33 जेसीबी और 26 टिपर, डंपर लगे हैं।
................