जोगिंद्रनगर/चौंतड़ा (मंडी)। राज्य स्तरीय जोगिंद्रनगर लघु महाशिवरात्रि देवता मेले में मेला समिति को डोम, झूला और प्लाॅटों की नीलामी से करीब 45 लाख रुपये की आमदनी हुई है। मेले के सफल आयोजन को लेकर यह धनराशि मेला प्रशासन को काफी राहत प्रदान करेगी।
सांस्कृतिक संध्याओं पर होने वाले खर्चे के अलावा मेले की सजावट और देवी-देवताओं के नजराने पर भी यह धनराशि खर्च होगी। खेलकूद प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों को इनामी राशि के लिए धन की उपलब्धता होने से मेला प्रशासन ने राहत की सांस ली है। मेले के लिए दुकानें भी सजना शुरू हो गई हैं। अब पुलिस थाना चौक से मिनी सचिवालय के इर्द गिर्द सजने वाली दुकानों से भी आय के संसाधन एकत्रित करने की कवायद शुरू हो गई है।
उधर, मेला समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम मनीश चौधरी ने कहा कि मेले में छोटे व्यापारियों का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा। इसके लिए पुलिस थाना चौक से लोक निर्माण विभाग के कार्यालय और मिनी सचिवालय के इर्द गिर्द दुकानों की नीलामी की जाएगी। बताया कि डोम, झूले और प्लाॅटों की नीलामी से मेला समिति को करीब 45 लाख रुपये की आमदनी हुई है।