स्कूल के पुराने भवन में दरवाजे और खिड़कियां नहीं, तीन दिन ही लग रही पहली कक्षा
अभिभावकों ने एसडीएम को ज्ञापन देकर लगाई समस्या के समाधान की गुहार
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (मंडी)। केंद्रीय विद्यालय धर्मपुर में बरसात का पानी कमरों के अंदर पहुंचने से विद्यार्थियों को कक्षा में बैठना मुश्किल हो गया है। हालत यह है कि पुराने भवन में दरवाजे और खिड़कियां भी नहीं हैं, इस कारण पढ़ाई बाधित हो रही है। वहीं, पहली कक्षा में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को सप्ताह में तीन दिन ही पाठशाला बुलाया जा रहा है। इससे अभिभावक परेशान हो गए हैं और उन्हें बच्चों के भविष्य की चिंता सताने लगी है।
केंद्रीय विद्यालय में सातवीं तक कक्षाएं चल रही हैं । हालांकि यहां नए कमरे बन गए हैं, लेकिन उनमें अभी कार्य अधूरा है और लोक निर्माण विभाग इस कार्य को पूरा नहीं करवा रहा है। शनिवार को एसडीएम धर्मपुर कार्यालय में पहुंचे अभिभावकों में ज्योति देवी, बबली देवी, सुनीता देवी, रजनी देवी, सावित्री देवी, अंजना, सरिता देवी, प्रियंका, रविकांत, भारती शर्मा, सोहन लाल, रूपलाल, शम्मी, जानु आदि ने एसडीएम को लिखित रूप में बताया कि कमरों की हालत खस्ता है। यहां दरवाजे खिड़कियां भी नहीं है। इस कारण वर्षा का पानी भी कमरों के भीतर आ रहा है। इस पर एसडीएम धर्मपुर जोगिंद्र पटियाल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि उनकी समस्या का जल्दी समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा इसके बारे में लोनिवि को कार्य को पूरा करने के लिए कहा जाएगा ताकि बच्चों को पढ़ाई में आ रही बाधा से निजात मिल सके।