मंडी। बारिश के कारण मंडी जिले में सोमवार को जनजीवन प्रभावित रहा। जिला आपदा नियंत्रण केंद्र (डीईओसी) की ओर से सोमवार शाम चार बजे जारी स्थिति रिपोर्ट के अनुसार जिले में 32 सड़कें यातायात के लिए बंद रहीं, जबकि पांच बिजली ट्रांसफार्मर (डीटीआर) प्रभावित हुए हैं। राहत की बात यह है कि जिले में किसी भी जलापूर्ति योजना के बाधित होने की सूचना नहीं है।
रिपोर्ट के अनुसार शनिवार सुबह 10 बजे जिले में 43 सड़कें बंद थीं। रविवार शाम तक यह संख्या घटकर 32 रह गई। इससे साफ है कि विभिन्न क्षेत्रों में बंद सड़कों को खोलने के लिए बहाली कार्य लगातार जारी है। सोमवार शाम चार बजे तक सराज मंडल में सबसे अधिक 22 सड़कें बंद थीं। इसके अलावा थलौट में पांच, सरकाघाट में तीन, सुंदरनगर और धर्मपुर में एक-एक सड़क बंद रही।
सड़कों की श्रेणी के अनुसार जिले में एक एमडीआर और 31 ग्रामीण सड़कें बंद हैं। हालांकि राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर यातायात सुचारु बताया गया है। सड़कें बंद होने से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बिजली व्यवस्था की बात करें तो रविवार शाम तक जिले में पांच डीटीआर प्रभावित थे। ये सभी गोहर क्षेत्र में हैं। इससे पहले रविवार को जिले में 89 डीटीआर प्रभावित हुए थे। अधिकांश प्रभावित ट्रांसफार्मरों को बहाल कर दिया गया है। वहीं, जिले की सभी जलापूर्ति योजनाएं सुचारु रूप से चल रही हैं। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने बताया कि बंद सड़कों और प्रभावित बिजली व्यवस्था को जल्द बहाल करने के लिए संबंधित विभागों की टीमें लगातार काम कर रही हैं।